कश्मीरी पंडित समूह ने समयबद्ध वापसी योजना की मांग की

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 14 सितंबर (हि.स.)। वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक भान की अध्यक्षता में कश्मीर नीति एवं रणनीति समूह ने कश्मीरी पंडित बलिदान दिवस की पूर्व संध्या पर एक ऑनलाइन बैठक का आयोजन किया। इसमें प्रतिभागियों ने कश्मीर में समुदाय की वापसी और पुनर्वास के लिए समयबद्ध कार्ययोजना की मांग की।

समूह द्वारा जारी एक बयान के अनुसार बैठक में बुद्धिजीवी, पूर्व नौकरशाह, शिक्षाविद, मीडियाकर्मी, सामाजिक और महिला अधिकार कार्यकर्ता, सामुदायिक संगठनों के प्रतिनिधि, प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधि और युवा शामिल हुए।

बयान के अनुसार प्रतिभागियों ने उन कश्मीरी पंडितों को श्रद्धांजलि अर्पित की जिनकी आतंकवादियों द्वारा हत्या कर दी गई थी और घाटी से समुदाय के विस्थापन पर चर्चा की।

बैठक में समुदाय के 37 वर्षों के विस्थापन के प्रभावों पर भी चर्चा हुई जिसमें जानमाल का नुकसान, विनाश, जनसांख्यिकीय परिवर्तन और सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंधों में व्यवधान शामिल हैं।

बयान के अनुसार प्रतिभागियों ने कश्मीर लौटने के अपने संकल्प को दोहराया जिसमें सुरक्षा, गरिमा, समानता और क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक जीवन में भागीदारी पर जोर दिया गया। समूह ने भारत सरकार से कश्मीरी पंडित संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ परामर्श करके एक व्यापक और समयबद्ध वापसी, पुनर्वास और क्षतिपूर्ति योजना तैयार करने का आह्वान किया।

इसमें कहा गया कि ऐसी योजना में सुरक्षा, स्वैच्छिक वापसी, संपत्ति की बहाली, आवास और आजीविका के अवसर साथ ही मंदिरों और सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा को शामिल किया जाना चाहिए। प्रतिभागियों ने मापने योग्य लक्ष्य, निर्धारित संस्थागत जिम्मेदारियां और ऐसी किसी भी योजना के कार्यान्वयन की आवधिक सार्वजनिक समीक्षा की भी मांग की।

बयान में कहा गया है कि बैठक का समापन समुदाय की वापसी की मांग को एक संरचित नीतिगत ढांचे में बदलने के आह्वान के साथ हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story