बारिश के कारण अकचमल के पास भूस्खलन से कारगिल-लेह हाईवे बंद

WhatsApp Channel Join Now

कारगिल, 30 जुलाई(हि.स.)। भारी बारिश के कारण कारगिल ज़िले में अकचमल के पास ज़मीन खिसकने (लैंडस्लाइड) से रास्ता बंद हो गया जिसके चलते गुरुवार को कारगिल-लेह नेशनल हाईवे (एन एच -1) पर ट्रैफ़िक बंद रहा।

अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण हाईवे पर भारी मात्रा में कीचड़, पत्थर और मलबा आ गया जिससे इस अहम रास्ते पर गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई। रास्ता साफ करने का काम शुरू कर दिया गया है और आवाजाही बहाल करने के लिए लोगों और मशीनों को काम पर लगाया गया है। हालांकि जब तक मलबा साफ नहीं हो जाता और हाईवे को आवाजाही के लिए सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता तब तक ट्रैफिक बंद रहेगा।

अधिकारियों ने यात्रियों और ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों को सलाह दी है कि वे अगले आदेश तक कारगिल-लेह हाईवे पर यात्रा करने से बचें और कोई भी यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित अधिकारियों से ट्रैफिक की ताज़ा जानकारी ले लें।

बहाली का काम पूरा होने तक इसके बंद रहने से करगिल और लेह के बीच यात्रियों और ज़रूरी सामान की आवाजाही पर असर पड़ने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story