कठुआ में कबीर जयंती धूमधाम से मनाई, भव्य शोभा यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में कबीर जयंती धूमधाम से मनाई, भव्य शोभा यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र


कठुआ, 29 जून (हि.स.)। संत कबीर जयंती के अवसर पर कठुआ शहर में सोमवार को भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। शिरोमणि संत कबीर भवन से निकली इस शोभायात्रा में सैकड़ों की तादाद में संगत ने भाग लेकर संत कबीर के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

शोभा यात्रा को उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सतगुरु कबीर सभा ट्रस्ट के अध्यक्ष तिलक राज भगत, पूर्व डीडीसी संदीप मजोत्रा सहित विभिन्न धर्मों के लोग उपस्थित रहे। बैंड-बाजों के साथ निकली यह शोभायात्रा कबीर भवन से स्टेडियम मार्ग, पीडब्ल्यूडी मार्ग, शहीदी चौक, पारलीवंड, कोर्ट रोड होते हुए पुनः स्टेडियम मार्ग से कबीर भवन पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। संगत भजन-कीर्तन करते हुए शोभायात्रा में शामिल रही और संत कबीर का आशीर्वाद प्राप्त किया।

शोभायात्रा की अगुवाई संत कबीर की आकर्षक झांकी ने की जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा के माध्यम से संत कबीर के बताए मार्ग पर चलने और उनके उपदेशों को अपनाने का संदेश दिया गया। विभिन्न स्थानों पर संगठनों द्वारा शोभायात्रा के स्वागत के लिए स्टॉल भी लगाए गए।

इस अवसर पर उपायुक्त राजेश शर्मा, कबीर सभा के प्रधान तिलक राज भगत और संदीप मजोत्रा ने सभी को कबीर जयंती की बधाई देते हुए कहा कि संत कबीर ने समाज को मानवता, समानता और कुरीतियों से दूर रहने का संदेश दिया था जिसे आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। शोभायात्रा के समापन पर कबीर भवन में संत कबीर की जीवनी पर प्रकाश डाला गया तथा श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story