मात्र 6000 बना मौत की वजह-4 दिन में सुलझा ब्लाइंड मर्डर केस, आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद

WhatsApp Channel Join Now
मात्र 6000 बना मौत की वजह-4 दिन में सुलझा ब्लाइंड मर्डर केस, आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद


कठुआ, 19 मई (हि.स.)। रूप सिंह हत्या मामले में कठुआ पुलिस ने त्वरित और सटीक कार्रवाई करते हुए ब्लाइंड मर्डर केस को मात्र 4 दिनों में सुलझाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस ऑपरेशन की निगरानी एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के नेतृत्व में की गई।

एसएसपी कठुआ ने बताया कि 15/16 मई 2026 की दरम्यानी रात को थाना लखनपुर को गांव धन्ना में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की सूचना मिली। मृतक की पहचान रूप सिंह के रूप में हुई जो पेशे से ठेकेदार था। सूचना मिलते ही थाना लखनपुर में एफआईआर नंबर 51/2026 धारा 103 बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक पूछताछ की। वहीं जांच के दौरान सरदार सिंह पुत्र हरि सिंह निवासी त्रिडवां तहसील व जिला कठुआ घटना के बाद से लापता पाया गया जिससे उस पर शक गहरा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी मृतक के पास मजदूरी करता था और उसके 6000 बकाया थे। इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने गुस्से और रंजिश में आकर 15/16 मई की रात अपने पिता की 12 बोर बंदूक लेकर रूप सिंह के घर पहुंचकर खिड़की के पास सो रहे रूप सिंह पर गोली चला दी और वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन कर जम्मू-कश्मीर समेत पड़ोसी राज्यों में लगातार छापेमारी की। हिमाचल प्रदेश पुलिस के सहयोग से मिली सूचनाओं के आधार पर आरोपी को 19 मई की सुबह करीब 7 बजे जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) के संसारपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

वहीं मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story