15 जुलाई से गुरु अस्त, जम्मू में विवाह समेत मांगलिक कार्यों पर लगेगा विराम
जम्मू, 12 जुलाई (हि.स.)। जम्मू में विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए महत्वपूर्ण ज्योतिषीय जानकारी सामने आई है। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं ज्योतिषाचार्य महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि वर्ष 2026 में गुरु ग्रह 15 जुलाई की सायं 7:27 बजे अस्त होगा और 9 अगस्त की रात्रि 9:54 बजे उदित होगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार गुरु और शुक्र के अस्त रहने की अवधि में विवाह, गृहप्रवेश, मुंडन, यज्ञोपवीत, शिलान्यास, शपथ ग्रहण तथा अन्य मांगलिक संस्कार नहीं किए जाते जबकि शुभ मुहूर्त में सगाई जैसे कार्यक्रम संपन्न किए जा सकते हैं।
महंत शास्त्री ने बताया कि जम्मू-कश्मीर सहित हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में वर्ष 2026 के लिए विवाह के शुभ मुहूर्त अगस्त, सितंबर, नवंबर और दिसंबर में उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि 12 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक शुक्र अस्त रहेगा जिसके दौरान भी विवाह जैसे शुभ कार्य वर्जित माने गए हैं। उन्होंने कहा कि विवाह के लिए केवल तिथि का चयन पर्याप्त नहीं होता बल्कि वार, नक्षत्र, योग, करण और लग्न का भी विशेष महत्व होता है। इसलिए विवाह की तिथि तय करने से पहले वर-वधू की कुंडली मिलान और ग्रह दशाओं का विचार अवश्य करना चाहिए।
महंत शास्त्री ने अभिभावकों और विवाह योग्य युवक-युवतियों से समय रहते शुभ मुहूर्त की जानकारी लेकर विधि-विधान के अनुसार विवाह संस्कार संपन्न करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

