जम्मू में महाराजा हरि सिंह के कथित अपमान के विरोध में विभिन्न संगठनों का संयुक्त प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 16 जुलाई (हि.स.)।

मूवमेंट कल्कि के आह्वान पर बुधवार को जम्मू में महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा के समक्ष राष्ट्रीय बजरंग दल, कर्णी सेना, राजपूत एकता मंच, शिवसेना (यूबीटी), एकजुट जम्मू तथा अन्य सामाजिक एवं राष्ट्रवादी संगठनों ने संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा महाराजा हरि सिंह के कथित अपमान, जम्मू के साथ कथित भेदभाव और पृथक जम्मू राज्य की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि हाल ही में महाराजा हरि सिंह पार्क में आयोजित राज्य का दर्जा (स्टेटहुड) संबंधी कार्यक्रम के दौरान महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित नहीं किए गए जिससे जम्मू के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने इसे महाराजा हरि सिंह के सम्मान की अनदेखी बताते हुए गहरा रोष व्यक्त किया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मूवमेंट कल्कि के जम्मू प्रांत संयोजक ठाकुर अर्जुन सिंह, राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रतिनिधि राकेश बजरंगी, शिवसेना (यूबीटी) जम्मू-कश्मीर प्रमुख मनीष साहनी और एकजुट जम्मू के अध्यक्ष अजय सिंह सैनी सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि महाराजा हरि सिंह जम्मू की अस्मिता, गौरव और स्वाभिमान के प्रतीक हैं तथा उनके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। वक्ताओं ने संबंधित बयान पर सार्वजनिक माफी की भी मांग की।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने जम्मू के साथ राजनीतिक, प्रशासनिक और विकासात्मक स्तर पर कथित भेदभाव का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जम्मू के लोगों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा तथा पृथक जम्मू राज्य की मांग को और मजबूती से उठाया जाएगा। प्रदर्शन के अंत में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story