शिवसेना जम्मू-कश्मीर इकाई ने सनी प्रधान को जम्मू योद्धा स्मृति चिन्ह से सम्मानित
जम्मू,, 03 अगस्त (हि.स.)।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) जम्मू-कश्मीर इकाई ने सोमवार को राष्ट्रीय हिंदू कल्याण संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सन्नी प्रधान को हिंदू समाज के हितों, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रहित में उनके योगदान के लिए जम्मू योद्धा स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया।
सम्मान समारोह में शिवसेना (यूबीटी) जम्मू-कश्मीर के प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी ने कहा कि सन्नी प्रधान लंबे समय से हिंदू समाज को संगठित एवं जागरूक करने के साथ-साथ जम्मू क्षेत्र के राजनीतिक, सामाजिक और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यकर्ताओं का सम्मान समाज के प्रति समर्पण का सम्मान है।
सम्मान ग्रहण करते हुए सन्नी प्रधान ने कहा कि यह सम्मान उन सभी राष्ट्रनिष्ठ एवं समाजसेवी कार्यकर्ताओं को समर्पित है जो भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के लिए कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हिंदू कल्याण संगठन, बालासाहेब ठाकरे के गर्व से कहो हम हिंदू हैं के विचार से प्रेरित होकर समाज में एकता और जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर शिवसेना (यूबीटी) और राष्ट्रीय हिंदू कल्याण संगठन ने संयुक्त रूप से घोषणा की कि 5 अगस्त को जम्मू को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा।
इस मौके पर शिवसेना प्रदेश ईकाई से विकास बख्शी, संजीव कोहली, संजय भटट्, आदित्य महाजन तथा राष्ट्रीय हिंदू कल्याण संगठन से रकेश कुमार, राम लाल सपोला, अंचल कुमार भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

