नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश लेकर लखनपुर पहुंची जम्मू-कश्मीर और लद्दाख पुलिस की संयुक्त मोटरसाइकिल रैली

WhatsApp Channel Join Now
नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश लेकर लखनपुर पहुंची जम्मू-कश्मीर और लद्दाख पुलिस की संयुक्त मोटरसाइकिल रैली


कठुआ, 15 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और नशामुक्त समाज का संदेश लेकर निकली जम्मू-कश्मीर पुलिस और लद्दाख पुलिस की संयुक्त मोटरसाइकिल रैली का गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के प्रवेशद्वार लखनपुर में भव्य स्वागत किया गया। एकता दिवस परेड-2026 के तहत निकाली गई इस रैली का मुख्य उद्देश्य ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।

19 जेकेएपी आईआर कठुआ और जिला पुलिस कठुआ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में 19 जेकेएपी आईआर के एसएसपी कमांडेंट अतुल शर्मा, एसएसपी एवं डिप्टी कमांडेंट करणवीर सिंह तथा अतिरिक्त एसपी कठुआ सुनील केसर सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान राजकीय हाई स्कूल लखनपुर के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया। श्रीनगर से 12 अक्टूबर को रवाना हुई इस संयुक्त मोटरसाइकिल रैली के लखनपुर पहुंचने पर प्रतिभागियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान रैली के समग्र प्रभारी डीएसपी सज्जाद हुसैन और लद्दाख पुलिस दल के प्रभारी एएसआई नामियल चारोल को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। रैली में शामिल प्रतिभागियों के लिए जलपान और हाई-टी की व्यवस्था भी की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 19 जेकेएपी आईआर के एसएसपी कमांडेंट अतुल शर्मा ने एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ‘नशे के खिलाफ जंग’ अभियान पर जोर देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने, इसके दुष्प्रभावों के बारे में समाज में जागरूकता फैलाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई से निपटने के लिए पुलिस, शिक्षण संस्थानों और आम जनता का सामूहिक प्रयास आवश्यक है। सभी के सहयोग से ही सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने और युवा पीढ़ी के लिए स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय एकता, अखंडता, भाईचारे और नशामुक्त समाज के संकल्प के साथ हुआ। इसके बाद संयुक्त मोटरसाइकिल रैली को एकता दिवस परेड-2026 में भाग लेने के लिए आगे रवाना किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761132 Articles

Share this story