जम्मू नगर निगम ने स्वच्छता के लिए SHG मोबिलाइजर्स तैनात किए

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 24 मार्च (हि.स.)।

जम्मू नगर निगम ने शहर में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एक अहम पहल करते हुए स्वयं सहायता समूह से जुड़े कम्युनिटी मोबिलाइजर्स को सभी वार्डों में तैनात किया है। ये मोबिलाइजर्स घर-घर जाकर लोगों को कचरा अलग-अलग करने, स्वच्छता बनाए रखने और टिकाऊ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करेंगे। साथ ही ये अवैध कचरा फेंकने, निर्माण सामग्री के डंपिंग, गार्बेज हॉटस्पॉट, खुले में शौच स्थलों और प्रदूषित जल स्रोतों जैसी समस्याओं की पहचान कर रिपोर्ट भी करेंगे।

कम्युनिटी मोबिलाइजर्स सार्वजनिक शौचालयों, धार्मिक स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करेंगे तथा स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाएंगे। जल स्रोतों और तालाबों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए लोगों को वहां कचरा न डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

लोअर मुथी जलाशय में विशेष जागरूकता शिविर भी आयोजित किया गया जहां लोगों को जिम्मेदारी से कचरा निपटान के बारे में जानकारी दी गई।

जम्मू नगर निगम के आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने कहा कि इस पहल से जनभागीदारी बढ़ेगी और शहर में स्वच्छता के प्रति व्यवहारिक बदलाव आएगा। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कचरे को स्रोत पर अलग करना स्वच्छ और स्वस्थ जम्मू के लिए बेहद जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story