अमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू में स्वच्छता अभियान तेज

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 03 जून (हि.स.)।

श्री अमरनाथ यात्रा-2026 के मद्देनजर जम्मू नगर निगम ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए व्यापक सफाई अभियान शुरू किया है। निगम ने प्रमुख सड़कों, बाजारों, यात्रा मार्गों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं स्वच्छतापूर्ण बनाए रखने के लिए अत्याधुनिक सफाई मशीनों और विशेष वाहनों को तैनात किया है।

नगर निगम द्वारा तीन कॉम्पैक्ट रोड स्वीपिंग मशीनें तैनात की गई हैं जो सड़कों से धूल, कचरा और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को वैक्यूम तकनीक से साफ करती हैं। इसके अलावा प्रमुख मार्गों और यातायात गलियारों की सफाई के लिए चार इटली निर्मित डुलेवो-6000 रोड स्वीपिंग वाहन तथा दो जीवीपी वैक्यूम सक्शन वाहन भी सेवा में लगाए गए हैं। सभी मशीनों का संचालन मुख्य रूप से रात के समय किया जा रहा है ताकि यातायात प्रभावित न हो और सफाई कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

जम्मू नगर निगम के मुख्य परिवहन अधिकारी बलकार अंगुराना ने बताया कि मशीनों की रणनीतिक तैनाती से शहर की सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा। वहीं नगर आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने कहा कि अमरनाथ यात्रा और आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को देखते हुए निगम ने सभी उपलब्ध संसाधनों को सक्रिय किया है। उन्होंने नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने और कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story