जम्मू नगर निगम ने चार इलाकों में डेयरियों की जांच की
जम्मू,, 03 नवंबर (हि.स.)।
जम्मू नगर निगम ने शहर में बिना रजिस्ट्रेशन चल रही डेयरी यूनिटों के खिलाफ जागरूकता और जांच अभियान चलाया। यह अभियान ज्वाइंट कमिश्नर हेल्थ एंड सैनिटेशन अब्दुल सत्तार के निर्देश पर वेटरनरी असिस्टेंट सर्जन डॉ. दिव्या शर्मा और सीनियर असिस्टेंट अश्वनी कुमार की टीम ने चलाया। इस दौरान रिहाड़ी, सरवाल, सुभाष नगर और पलौड़ा इलाकों में जांच की गई और बिना रजिस्ट्रेशन चल रही करीब 15 डेयरियों के मालिकों को नोटिस जारी किए गए। अधिकारियों ने डेयरी संचालकों को बताया कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशा-निर्देशों के तहत डेयरी का रजिस्ट्रेशन और पशुओं के गोबर व गंदे पानी का सही निपटान जरूरी है। गोबर और गंदा पानी नालियों में बहाने से नालियां बंद होने के साथ नदियों में प्रदूषण भी बढ़ता है। टीम ने डेयरी मालिकों को बायोगैस प्लांट और वर्मी कम्पोस्ट जैसी तकनीक अपनाने की सलाह दी। डॉ. दिव्या शर्मा ने बताया कि जम्मू नगर निगम में अब तक करीब 113 डेयरी यूनिटों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, पशुओं के लिए पर्याप्त जगह और कचरे के सही निपटान की शर्तें पूरी करने वाली डेयरियों को नियमों के तहत रजिस्ट्रेशन और लाइसेंस दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

