आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने ग्रेटर कैलाश का दौरा किया

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 09 मई (हि.स.)।

जम्मू नगर निगम के आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने ग्रेटर कैलाश कॉलोनी का दौरा कर वहां के निवासियों और ग्रेटर कैलाश वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों से विभिन्न नागरिक समस्याओं को लेकर बातचीत की।

दौरे के दौरान सोसायटी के सदस्यों ने आयुक्त को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़कों की खराब हालत, कूड़ा संग्रहण, आवारा कुत्तों की समस्या, पार्कों और फव्वारों के रखरखाव, मास्ट लाइटों की मरम्मत और कालूचक मुख्य सड़क पर जलभराव जैसी समस्याओं से अवगत कराया।

स्थानीय लोगों ने पुरानी ड्रेनेज व्यवस्था के पुनर्निर्माण, क्षतिग्रस्त गलियों की मरम्मत, नियमित सफाई और भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए फॉक्सवैगन शोरूम के पास एंट्री बैरियर लगाने की मांग भी उठाई। इसके अलावा खाली प्लॉटों में कूड़ा फेंके जाने और अतिक्रमण की समस्या पर भी चिंता जताई गई।

डॉ. देवांश यादव ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जम्मू नगर निगम शहर में स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और शहरी विकास को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

वेलफेयर सोसायटी के सदस्यों ने आयुक्त के दौरे और समस्याओं के समाधान के आश्वासन पर आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story