डेंगू के खतरे को लेकर जेएमसी आयुक्त ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 28 जुलाई (हि.स.)।

मानसून के दौरान डेंगू और चिकनगुनिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए जम्मू नगर निगम आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने लोगों से अपने आसपास जमा पानी को हटाने और मच्छरों के प्रजनन को रोकने में सहयोग करने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि घरों में रखे कूलर, गमले, पुराने टायर, बाल्टियां और अन्य ऐसे कंटेनर जहां बारिश का पानी जमा हो सकता है, उन्हें नियमित रूप से खाली किया जाए। उन्होंने कहा कि वेक्टर जनित बीमारियों से बचाव के लिए जनभागीदारी और जागरूकता सबसे प्रभावी उपाय है।

डॉ. यादव ने बताया कि क्लीन जम्मू, ग्रीन जम्मू अभियान के तहत नगर निगम द्वारा इस मानसून सीजन में शहरभर में 50 हजार से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा जल संरक्षण अभियान के तहत शहर के 14 जल निकायों का पुनरुद्धार कर उन्हें आम जनता के लिए विकसित किया है।

उन्होंने नागरिकों, आरडब्ल्यूए, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से इन पुनर्जीवित जल निकायों को अपनाने और उनकी साफ-सफाई व देखभाल में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने लोगों से स्थानीय स्तर पर खराब स्थिति वाले तालाबों और जल स्रोतों की जानकारी जेएमसी हेल्पलाइन 1800-180-7207 या वेबसाइट के माध्यम से देने को कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story