आयुक्त ने प्रीत नगर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 24 सितंबर (हि.स.)।

जम्मू नगर निगम के आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने प्रीत नगर और वार्ड नंबर 45 व 52 के आसपास के इलाकों का मौके पर निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की समस्याओं का जायजा लिया।

मोहल्ला वेलफेयर कमेटी और निवासियों ने जल निकासी, सफाई, कचरा निस्तारण, खराब गलियों और सड़कों, जलभराव तथा गंदे पानी की निकासी की समस्याएं उठाईं। वार्ड नंबर 52 की स्ट्रीट नंबर 6 में नालियों के बंद होने, क्षतिग्रस्त पुलिया और मुख्य जल निकासी मार्ग में रुकावट की समस्या भी आयुक्त के समक्ष रखी गई। लोगों ने सड़क किनारे कचरा फेंके जाने और पर्याप्त कूड़ेदान नहीं होने की शिकायत की।

निरीक्षण के बाद आयुक्त ने स्वास्थ्य एवं स्वच्छता शाखा को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सफाई और कचरा हटाने के निर्देश दिए। कार्यकारी अभियंता को जल निकासी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा कर क्षतिग्रस्त पुलिया और बंद नालियों की मरम्मत तथा जल निकासी बहाल करने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। खराब सड़कों और गलियों की तत्काल मरम्मत के लिए गड्ढे भरने वाली मशीनों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए।

डॉ. यादव ने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने और जमीन पर स्पष्ट सुधार दिखाने को कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story