जम्मू नगर निगम में सतर्कता जागरूकता सप्ताह की शुरुआत, कमिश्नर आयुषी सूदन ने दिलाई शपथ

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 27 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू नगर निगम में सतर्कता जागरूकता सप्ताह की शुरुआत के अवसर पर नगर निगम की कमिश्नर आयुषी सूदन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ईमानदारी और पारदर्शिता की शपथ दिलाई। यह सप्ताह 26 से 31 अक्टूबर 2026 “ईमानदारी से समृद्धि” की थीम पर मनाया जा रहा है।

इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरकारी कामकाज में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ मिलकर काम करने और जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमिश्नर आयुषी सूदन ने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियां पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में पारदर्शी व्यवस्था और मजबूत निगरानी से भ्रष्टाचार को रोकने में मदद मिल सकती है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे अपने कामकाज में उच्च नैतिक मानकों का पालन करें और दूसरों के लिए उदाहरण बनें। साथ ही भ्रष्टाचार या गलत आचरण के मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

शपथ के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने न रिश्वत देने और न ही रिश्वत लेने का संकल्प लिया। इसके अलावा सभी नियमों और कानूनों का पालन करने, निष्पक्षता बनाए रखने और सरकारी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाने की बात कही।

इस दौरान कर्मचारियों को संबंधित कानूनों और नियमों के प्रति जागरूक करने, शिकायत निवारण व्यवस्था को मजबूत बनाने और भ्रष्टाचार की शिकायत करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

कमिश्नर आयुषी सूदन ने कहा कि भ्रष्टाचार देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में बड़ी बाधा है। इसे खत्म करने के लिए सरकार, कर्मचारियों और आम नागरिकों को मिलकर प्रयास करने होंगे।

उन्होंने दोहराया कि जम्मू नगर निगम पारदर्शी, जवाबदेह और जनहित से जुड़ी प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767707 Articles

Share this story