पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग को लेकर बड़ी बैठक
जम्मू,, 04 मई (हि.स.)।
पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग को लेकर जम्मू-कश्मीर टीचर्स फोरम और जेएंडके एनपीएस इम्प्लाइज यूनाइटेड फ्रंट के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने ऑल इंडिया रेलवे फेडरेशन के महासचिव शिव गोपाल मिश्रा से जम्मू दौरे के दौरान मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जेकेटीएफ के मुख्य संरक्षक गणेश खजूरियां ने किया। बैठक में नई पेंशन योजना के तहत कर्मचारियों को हो रही परेशानियों और रिटायरमेंट सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
शिव गोपाल मिश्रा ने कहा कि ओपीएस बहाली अब राष्ट्रीय आंदोलन बन चुका है और केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए देशव्यापी अभियान जारी रहेगा। प्रतिनिधिमंडल ने ओपीएस को कर्मचारियों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा के लिए जरूरी बताते हुए कहा कि यह कर्मचारियों को सम्मानजनक रिटायरमेंट, मानसिक संतुलन और आर्थिक स्थिरता प्रदान करेगा। नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन न्याय, समानता और कर्मचारी हितों की लड़ाई है जिसे लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

