15 नवंबर को कठुआ में होगी जेकेएसएसबी अकाउंट्स असिस्टेंट की लिखित परीक्षा, 8729 अभ्यर्थी होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
15 नवंबर को कठुआ में होगी जेकेएसएसबी अकाउंट्स असिस्टेंट की लिखित परीक्षा, 8729 अभ्यर्थी होंगे शामिल


15 नवंबर को कठुआ में होगी जेकेएसएसबी अकाउंट्स असिस्टेंट की लिखित परीक्षा, 8729 अभ्यर्थी होंगे शामिल


कठुआ, 07 नवंबर (हि.स.)। जेकेएसएसबी की ओर से अकाउंट्स असिस्टेंट पदों के लिए आयोजित की जाने वाली लिखित परीक्षा के सुचारू, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने शुक्रवार को डीसी कार्यालय परिसर के कॉन्फ्रेंस हॉल में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर परीक्षा प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में जानकारी दी गई कि 15 नवंबर 2026 को दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए जिलेभर में 23 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं जहां कुल 8,729 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, बैठने की उचित व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों सहित विभिन्न आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा जेकेएसएसबी द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों और परीक्षा संबंधी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश निर्धारित समय से दो घंटे पहले शुरू होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे प्रवेश एवं दस्तावेजों के सत्यापन संबंधी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने के लिए अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर पहले ही पहुंचें।

उपायुक्त ने पुलिस विभाग को सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने, उचित तलाशी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परीक्षा के दौरान शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

बैठक में एडीसी कठुआ सचिन जमवाल, कठुआ के लिए जिला पर्यवेक्षक (ओवरऑल डिस्ट्रिक्ट ऑब्जर्वर) सिमरजीत सिंह (जेकेएसएसबी), एएसपी सुनील केसरी, आरटीओ सुरेंद्र शर्मा, डीटीओ जीवतेश सिंह, डीआईओ गुरप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773946 Articles

Share this story