जेकेपीसीसी किसान कांग्रेस ने कृषि निदेशक को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
जेकेपीसीसी किसान कांग्रेस ने कृषि निदेशक को सौंपा ज्ञापन


जम्मू, 10 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) किसान कांग्रेस के अध्यक्ष भारत प्रिये ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ शुक्रवार को कृषि निदेशक जम्मू अनिल गुप्ता से मुलाकात कर किसानों की समस्याओं, मांगों और कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। मुलाकात के दौरान भारत प्रिये ने कृषि विभाग से किसानों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, कृषि विस्तार सेवाओं को मजबूत बनाने तथा जम्मू जिले के किसानों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनकी वास्तविक समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए।

बैठक में समग्र कृषि विकास कार्यक्रम (एचएडीपी), कैपेक्स, केंद्र प्रायोजित योजनाओं (सीएसएस) तथा नाबार्ड वित्तपोषित परियोजनाओं के तहत जम्मू जिले में चल रहे विकास कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने कृषि अवसंरचना परियोजनाओं, सिंचाई सुविधाओं, कृषि मशीनीकरण, क्षमता निर्माण कार्यक्रमों तथा किसानों की आय बढ़ाने और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने वाली विभिन्न पहलों की प्रगति की जानकारी ली।

जेकेपीसीसी किसान कांग्रेस ने स्वीकृत निधियों के पारदर्शी उपयोग, विकास कार्यों की नियमित निगरानी तथा योजनाओं का लाभ वास्तविक किसानों तक समय पर पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही कृषि नीतियों और योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन के दौरान किसानों के प्रतिनिधियों से निरंतर संवाद बनाए रखने की भी मांग की।

कृषि निदेशक जम्मू अनिल गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुना और विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत हुई प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग कृषि अवसंरचना को मजबूत बनाने, सेवाओं में सुधार लाने तथा सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किसान हितैषी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story