जेकेपीसीसी प्रतिनिधिमंडल ने एलजी मनोज सिन्हा से मुलाकात कर उठाए अहम मुद्दे

WhatsApp Channel Join Now
जेकेपीसीसी प्रतिनिधिमंडल ने एलजी मनोज सिन्हा से मुलाकात कर उठाए अहम मुद्दे


जम्मू, 21 मार्च (हि.स.)। जम्मू में कांग्रेस की प्रदेश इकाई के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से लोक भवन में मुलाकात कर विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को उनके समक्ष रखा। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जेकेपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला ने किया जिसमें मुख्य प्रवक्ता रविंदर शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता और शरणार्थी प्रतिनिधि शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू-कश्मीर में स्टेटहुड की बहाली, एलपीजी संकट, 1947, 1965 और 1971 के शरणार्थियों के लिए पूर्ण पैकेज तथा पीओजेके शरणार्थियों को एसटी-2 का दर्जा देने की मांग उठाई। नेताओं ने बताया कि वर्ष 2014 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निर्देश पर कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार द्वारा प्रति परिवार 30 लाख रुपये का व्यापक पैकेज प्रस्तावित किया गया था लेकिन अब तक केवल 5.5 लाख रुपये ही स्वीकृत हुए हैं और वह भी सभी परिवारों तक नहीं पहुंच पाए हैं।

इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने जम्मू-कश्मीर में एलपीजी की कमी पर चिंता जताते हुए तीर्थयात्रा और पर्यटन को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त कोटा देने की मांग की। बढ़ते अपराध और नशे की समस्या पर भी चिंता व्यक्त करते हुए अतिरिक्त भर्ती और सुरक्षा बलों की तैनाती की जरूरत बताई गई। प्रतिनिधियों ने बाढ़ प्रभावित लोगों के पुनर्वास, शहरी विकास विभाग को पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने, कश्मीरी प्रवासी समुदाय के राहत एवं पुनर्वास को मजबूत करने और विभिन्न विभागों में कार्यरत दैनिक वेतनभोगियों व अस्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए विशेष पैकेज देने की मांग भी उठाई। उपराज्यपाल से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि इन मुद्दों पर शीघ्र ठोस कदम उठाए जाएंगे ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story