ग्रामीण पोस्टिंग के लिए समान एचआरए की मांग, जेकेएनपीपी भीम ने सीएम से की अपील
जम्मू, 12 सितंबर (हि.स.)। जेकेएनपीपी भीम के अध्यक्ष विलक्षण सिंह ने मुख्यमंत्री से सरकारी कर्मचारियों के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समान हाउस रेंट अलाउंस (एचआरए) लागू करने की मांग की है। मुख्यमंत्री को सौंपे प्रतिनिधित्व में उन्होंने कहा कि मौजूदा एचआरए अंतर के कारण कर्मचारी शहरी क्षेत्रों में पोस्टिंग को प्राथमिकता दे रहे हैं जिससे ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में सरकारी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
सिंह ने कहा कि इसका सबसे अधिक असर शिक्षा क्षेत्र पर पड़ रहा है। कई शहरी स्कूलों में पर्याप्त या अतिरिक्त शिक्षक हैं जबकि ग्रामीण, पहाड़ी और दूरदराज के स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में तैनात कई कर्मचारी शहरी इलाकों में रहकर रोजाना आवागमन करते हैं जिससे उन्हें अतिरिक्त यात्रा खर्च और समय का नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने सरकार से समान एचआरए के साथ-साथ शहरी संस्थानों में उपलब्ध अतिरिक्त स्टाफ को जरूरत वाले ग्रामीण संस्थानों में तैनात करने और पारदर्शी तबादला नीति लागू करने की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

