'मिशन जम्मू स्टेट' को लेकर आंदोलन तेज करेगी जेकेएनपीपी (भीम)

WhatsApp Channel Join Now
'मिशन जम्मू स्टेट' को लेकर आंदोलन तेज करेगी जेकेएनपीपी (भीम)


जम्मू, 02 अगस्त (हि.स.) । जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी (भीम) की बैठक रविवार को पंजतीर्थी स्थित पार्टी कार्यालय में अध्यक्ष एडवोकेट विलक्षण सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 'मिशन जम्मू स्टेट' को लेकर आगामी रणनीति और हाल के घटनाक्रमों पर चर्चा की गई। पार्टी ने जम्मू क्षेत्र के लिए अलग राज्य की मांग को दोहराते हुए इसे क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक अधिकारों, राजनीतिक पहचान और युवाओं के रोजगार हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक बताया। बैठक को संबोधित करते हुए विलक्षण सिंह ने कहा कि पार्टी 'मिशन जम्मू स्टेट' के समर्थन में आंदोलन को और तेज करेगी तथा जम्मू संभाग के सभी जिलों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को जोड़ने का प्रयास करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जम्मू क्षेत्र के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है जिसे लेकर जनता में असंतोष बढ़ रहा है।

पार्टी अध्यक्ष ने युवा राजपूत सभा के उपाध्यक्ष साहिल सिंह और सभा के अन्य सदस्यों के साथ कथित पुलिस हिरासत में मारपीट की घटना पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने इसे मौलिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताते हुए मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस को कानून के दायरे में रहकर कार्य करना चाहिए और मानवाधिकारों का सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। बैठक में दिवंगत प्रो. भीम सिंह के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए पार्टी नेताओं ने भ्रष्टाचार, अन्याय और सत्ता के कथित दुरुपयोग के खिलाफ संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया। बैठक को नरेश चिब, राजेश गोंधी, राकेश गुप्ता, राजन जमवाल, राकेश कुमार, संजीव वर्मा सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story