22 से 24 नवंबर तक जम्मू में होंगे तीसरे जम्मू-कश्मीर मास्टर्स गेम्स
जम्मू,, 05 अक्टूबर (हि.स.)।
तीसरे जम्मू-कश्मीर मास्टर्स गेम्स की तैयारियां तेज, 20 से अधिक खेलों में होंगी प्रतियोगिताएं
जम्मू-कश्मीर मास्टर्स गेम्स एसोसिएशन की वार्षिक आम बैठक जम्मू में अध्यक्ष रणजीत सिंह चिब की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 22 से 24 नवंबर 2026 तक जम्मू में होने वाले तीसरे जम्मू-कश्मीर मास्टर्स गेम्स की तैयारियों, व्यवस्था और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
एसोसिएशन के अनुसार, तीन दिवसीय मास्टर्स गेम्स में 20 से अधिक खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बैठक में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रतियोगिताओं को व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों तथा खेल संयोजकों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में 6 से 9 अप्रैल 2027 तक जम्मू-कश्मीर में प्रस्तावित नौवें राष्ट्रीय मास्टर्स गेम्स को लेकर भी चर्चा हुई। तीसरे जम्मू-कश्मीर मास्टर्स गेम्स में चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व करेंगे। रणजीत सिंह चिब ने कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और दृढ़ संकल्प विकसित करने के साथ स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महासचिव नीते कौर ने सभी खेल संयोजकों और पदाधिकारियों का सहयोग के लिए आभार जताया। बैठक में एसोसिएशन के विभिन्न पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया तथा मास्टर्स खेलों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

