नई ई-चालान व्यवस्था पर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जम्मू ने जताई चिंता, समीक्षा की मांग

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 05 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जम्मू (पंजीकृत) ने सोमवार को पत्रकार वार्ता कर मोटर वाहन कानून के तहत लागू की जा रही नई ई-चालान व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाए। एसोसिएशन ने कहा कि वह यातायात नियमों के प्रभावी पालन और सड़क सुरक्षा के पक्ष में है लेकिन नई व्यवस्था लागू करते समय पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।

एसोसिएशन के अध्यक्ष के. निर्मल कोतवाल ने अन्य पदाधिकारियों के साथ कहा कि स्वचालित तरीके से जारी होने वाले ई-चालान में गलती होने, वाहन चालक की पहचान पर विवाद या इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की शुद्धता पर सवाल उठने की स्थिति में नागरिकों को चालान को चुनौती देने और सुधार करवाने की सरल व्यवस्था मिलनी चाहिए।

एसोसिएशन ने कहा कि जिन लोगों को डिजिटल माध्यमों का पर्याप्त ज्ञान नहीं है, उन्हें भी ई-चालान देखने, समझने और उस पर आपत्ति दर्ज कराने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। सरकार और संबंधित अधिकारियों से ई-चालान व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कर चालान जारी करने, सत्यापन, सुनवाई और वसूली की प्रक्रिया को स्पष्ट, पारदर्शी और सुलभ बनाने की मांग की गई।

बार एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि उसकी आपत्ति सड़क सुरक्षा या यातायात कानून लागू करने के खिलाफ नहीं है बल्कि उसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नई तकनीकी व्यवस्था नागरिकों के कानूनी अधिकारों और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप लागू हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story