जेकेएएसीएल और विराज कला केंद्र ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर नाटक ‘हे युगधर – श्यामा प्रसाद मुखर्जी’ का मंचन किया

WhatsApp Channel Join Now
जेकेएएसीएल और विराज कला केंद्र ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर नाटक ‘हे युगधर – श्यामा प्रसाद मुखर्जी’ का मंचन किया


जम्मू, 06 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी (जेकेएएसीएल) ने विराज कला केंद्र के सहयोग से प्रख्यात शिक्षाविद, राजनेता और राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर हिंदी नाटक ‘हे युगधर – श्यामा प्रसाद मुखर्जी’ का मंचन किया। नाटक के माध्यम से डॉ. मुखर्जी के जीवन, उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रख्यात रंग निर्देशक रजनीश कुमार गुप्ता द्वारा लिखित एवं निर्देशित इस नाटक की विशेषता इसकी अभिनव प्रस्तुति रही।

कहानी में शोध कर रहे युवा विद्यार्थियों के समूह के माध्यम से डॉ. मुखर्जी के जीवन के विभिन्न महत्वपूर्ण पड़ावों को मंच पर जीवंत किया गया जिससे दर्शकों को उनके व्यक्तित्व और कार्यों को निकटता से समझने का अवसर मिला।

नाटक में अमित भल्ला ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भूमिका प्रभावशाली ढंग से निभाई। उनके साथ मीरा तपस्वी, मुकेश, डॉ. मीतू मीनिया, ऋषभ मनहास, अरुण शर्मा, मन्नत भाऊ, अमनजीत वर्मा, नितेश वर्मा और कृष्या भाटिया ने भी अपने सशक्त अभिनय से प्रस्तुति को यादगार बनाया। संगीत अंकुश कुमार ने तैयार किया जबकि संगीत निर्देशन युवराज गुप्ता ने किया। प्रकाश व्यवस्था पंकज शर्मा, मेकअप पिंटू जी तथा वेशभूषा एवं मंच सामग्री की जिम्मेदारी अमनजीत वर्मा ने संभाली जिसने नाटक की प्रस्तुति को और प्रभावशाली बनाया। कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी की सचिव हरविंदर कौर (जेकेएएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कलाकारों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अकादमी महान विभूतियों के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से युवा पीढ़ी को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने नाटक की कलात्मक गुणवत्ता और प्रभावी प्रस्तुति की भी प्रशंसा की।

कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिकों, रंगकर्मियों, कला प्रेमियों और बड़ी संख्या में दर्शकों ने भाग लिया। इस अवसर पर निर्देशक रजनीश कुमार गुप्ता ने नाटक के सफल आयोजन के लिए जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विराज कला केंद्र भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों और प्रेरणादायक विषयों पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां करता रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story