जम्मू-कश्मीर विधानसभा में मंत्री सकीना इटू और विधायक वहीद पारा के बीच टकराव से हंगामा
जम्मू, 04 अप्रैल (हि.स.) । जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शनिवार को उस समय माहौल गरमा गया जब कैबिनेट मंत्री सकीना इटू और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के विधायक वहीद पारा के बीच बहस हो गई। दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप के चलते सदन में हंगामा मच गया और कार्यवाही बाधित हुई।
बहस के दौरान सकीना इटू ने जम्मू-कश्मीर में मौजूदा राजनीतिक और प्रशासनिक हालात के लिए सीधे तौर पर पीडीपी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा,
न सत्ता, न राज्य का दर्जा, पीडीपी की वजह से है। इटू ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में उत्पन्न मौजूदा चुनौतियों की जड़ें पीडीपी के शासनकाल में लिए गए फैसलों में हैं।
मंत्री ने अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद के हालात का जिक्र करते हुए कहा कि इसके बाद जो भी राजनीतिक और प्रशासनिक समस्याएं सामने आईं, उसके लिए भी पीडीपी की नीतियां जिम्मेदार हैं।
विपक्ष के विरोध के तरीके पर कटाक्ष करते हुए मंत्री इटू ने कहा कि उनकी सरकार “कार्रवाई में विश्वास करती है, नाटक में नहीं”। उनका यह बयान सदन में विपक्ष द्वारा किए जा रहे विरोध और हंगामे की ओर इशारा माना गया।
इटू के इस बयान पर पीडीपी और अन्य विपक्षी दलों के सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया, जिससे सदन में शोर-शराबा और हंगामा बढ़ गया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि कार्यवाही को बाधित करना पड़ा।----------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

