अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 05 मार्च (हि.स.। जम्मू पुलिस के साउथ जोन ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन अवतार के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर करीब 40 लाख रुपये कीमत की 4 चोरी की गाड़ियां बरामद की हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार पिछले महीने भी साउथ जोन पुलिस ने 16 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए थे। इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए थाना गंग्याल पुलिस ने इस बड़े वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने बताया कि यह गिरोह महिंद्रा स्कॉर्पियो सहित अन्य महंगी कारों को निशाना बनाता था और अलग-अलग राज्यों से वाहन चोरी कर उन्हें उत्तर भारत के कई इलाकों में बेच देता था। चोरी के बाद आरोपी गाड़ियों के चेसिस नंबर बदल देते थे, नंबर प्लेट बदल देते थे और अन्य पहचान के निशानों के साथ छेड़छाड़ कर देते थे ताकि पुलिस से बच सकें।

इस पूरे ऑपरेशन को एसएसपी जम्मू की निगरानी तथा एसपी सिटी साउथ और एसडीपीओ सिटी साउथ के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। थाना गंग्याल के एसएचओ इंस्पेक्टर संजीव चिब की देखरेख में पुलिस टीम का गठन किया गया जिसमें पीएसआई राहुल कुमार, एएसआई संजय कुमार और एसजीसीटी मनप्रीत सिंह शामिल थे।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने उत्तर भारत के कई इलाकों में छापेमारी की, तकनीकी जांच की और कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के मुख्य आरोपी पवन कुमार पुत्र कमल सिंह, निवासी विरान, तहसील तोशाम, जिला भिवानी (हरियाणा) को गिरफ्तार किया। उसके साथ रमेश सिंह पुत्र अंचल सिंह, निवासी दीना नगर, सेंट जेवियर कॉन्वेंट स्कूल के पास, बरनाई, जम्मू को भी पकड़ा गया।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी पवन कुमार के खिलाफ अलग-अलग राज्यों में वाहन चोरी के करीब 70 मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पिछले 7 से 8 वर्षों में गिरोह लगभग 1000 वाहन चोरी कर चुका हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA

Share this story