पांडवों की तरह छला गया जम्मू के नारों के साथ पूर्ण राज्य और अनुच्छेद 371 की मांग को लेकर शिवसेना का प्रदर्शन
जम्मू, 05 अगस्त (हि.स.)।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) जम्मू-कश्मीर इकाई एवं राष्ट्रीय हिंदू कल्याण संगठन ने मंगलवार को महाराजा हरि सिंह की प्रतिमा स्थल पर प्रदर्शन कर जम्मू धर्मयुद्ध अभियान का शुभारंभ किया। संगठन ने जम्मू को अलग पूर्ण राज्य का दर्जा देने तथा अनुच्छेद 371 के तहत विशेष संवैधानिक संरक्षण प्रदान करने की मांग दोहराई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए शिवसेना (यूबीटी) जम्मू-कश्मीर के प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी ने कहा कि 5 अगस्त 2019 के राजनीतिक बदलावों के समय जम्मू की जनता से क्षेत्रीय भेदभाव समाप्त करने, संतुलित विकास सुनिश्चित करने और क्षेत्र का सम्मान बहाल करने का वादा किया गया था लेकिन सात वर्ष बाद भी जम्मू राजनीतिक, प्रशासनिक और आर्थिक उपेक्षा का सामना कर रहा है।
साहनी ने कहा कि पांडवों की तरह जम्मू को भी अपनों ने ही छला है। यदि जम्मू-कश्मीर के सीधे केंद्र शासित होने के बावजूद जम्मू के साथ अन्याय और उपेक्षा जारी है तो इसकी जवाबदेही केंद्र सरकार और जम्मू के नाम पर जनादेश प्राप्त करने वाली भाजपा पर तय होनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि जम्मू के जनसांख्यिकीय संतुलन को प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार अवैध रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों की बढ़ती मौजूदगी, स्थानीय संसाधनों पर बढ़ता दबाव तथा बाहरी कंपनियों और ठेकेदारों का बढ़ता वर्चस्व क्षेत्र के मूल निवासियों के सामाजिक एवं आर्थिक हितों के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है।
साहनी ने कहा कि जम्मू को अब केवल आश्वासन नहीं बल्कि संवैधानिक अधिकार चाहिए। उन्होंने जम्मू को अलग पूर्ण राज्य का दर्जा देने तथा अनुच्छेद 371 के तहत भूमि, सरकारी नौकरियों, स्थानीय व्यापार और प्राकृतिक संसाधनों पर मूल निवासियों के अधिकारों को संवैधानिक संरक्षण प्रदान करने की मांग दोहराई।
उन्होंने युवाओं और छात्रों से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा, इतिहास गवाह है कि हर बड़े परिवर्तन का नेतृत्व युवाओं ने किया है। अब समय दर्शक बने रहने का नहीं, बल्कि नेतृत्व संभालकर जम्मू के सम्मान और अधिकारों की इस लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने का है।
इस मौके पर राष्ट्रीय हिंदू कल्याण संगठन के सनी प्रधान अपने दर्जनों नेताओं और कार्यकर्ता के साथ उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

