डीआईजी ने शिवखोड़ी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 02 मई (हि.स.)। उधमपुर-रियासी रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) शिव कुमार शर्मा ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के शिवखोड़ी एवं रनसू क्षेत्र में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पौनी क्षेत्र के तेरियाथ इलाके का भी मौके पर जाकर निरीक्षण किया। नौ जून 2024 को इसी इलाके में आतंकवादियों ने तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस पर गोलीबारी की थी जिसमें नौ लोग मारे गए थे और 33 अन्य घायल हो गए थे।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस उप महानिरीक्षक ने व्यापक सुरक्षा समीक्षा की और रनसू, शिवखोड़ी और पौनी में तैनात पुलिस, विशेष अभियान समूह (एसओजी) और सीआरपीएफ इकाइयों की परिचालन तैयारियों का आकलन किया। उन्होंने शिवखोड़ी यात्रा के सुचारू और सुरक्षित संचालन के लिए समग्र सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

शिवखोड़ी रियासी जिले में स्थित भगवान शिव को समर्पित एक प्राकृतिक गुफा तीर्थस्थल है। 200 मीटर लंबी इस गुफा में 4 फुट ऊंचा प्राकृतिक रूप से निर्मित शिवलिंग है। पुलिस के अनुसार उन्होंने प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया और गुफा तीर्थस्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों में किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। डीआईजी ने शिवखोड़ी में तीर्थयात्रियों से भी बातचीत की और उनके अनुभव और सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी ली। साथ ही सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल सुनिश्चित करते हुए तीर्थयात्री-अनुकूल वातावरण बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, बाजार क्षेत्र, बस स्टैंड, यात्रा पर्ची काउंटर, कांडा मोड़ और जांडी मोड़ सहित महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story