सरकारी मेडिकल कॉलेज राजौरी में स्वास्थ्य सुविधाओं की खस्ताहाल स्थिति को लेकर लोगों का विरोध प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

राजौरी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। सरकारी मेडिकल कॉलेज राजौरी में स्वास्थ्य सुविधाओं की खस्ताहाल स्थिति को लेकर आज स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा । नाराज नागरिकों और मरीजों के परिजनों ने अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहर एकत्रित होकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अस्पताल में बुनियादी ढांचे का घोर अभाव है। साफ-सफाई की कमी और लचर व्यवस्था के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे स्थानीय लोगों ने कहा, अस्पताल की हालत दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। दूर-दराज के इलाकों से लोग यहां इलाज की उम्मीद में आते हैं, लेकिन यहां की बदहाली उन्हें और बीमार कर रही है।

अस्पताल के बाहर हुए इस विरोध प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। बाद में मौके पर पहुंचे प्रशासनिक और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने लोगों को शांत कराया। अधिकारियों द्वारा जल्द ही स्थिति की समीक्षा करने और ठोस कदम उठाने के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना धरना समाप्त किया।

हालांकि स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जमीनी स्तर पर सुधार नहीं दिखा, तो वे उग्र आंदोलन करने को विवश होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA

Share this story