त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दी बड़ी राहत

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 08 अक्टूबर (हि.स.)।

त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने बड़ी राहत दी है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई दिल्ली और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है।

रेलवे प्रशासन द्वारा ट्रेन संख्या 04083/04084 नई दिल्ली - श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा - नई दिल्ली आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस को दो-दो फेरों के लिए चलाया जाएगा। ट्रेन के संचालन कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन संख्या 04083 नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के लिए दिनांक 09 अक्टूबर और 16 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को दोपहर 14:00 बजे नई दिल्ली से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 03:00 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा पहुंचेगी।

वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 04084 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली के लिए दिनांक 10 अक्टूबर और 17 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को सुबह 10:00 बजे कटड़ा से प्रस्थान करेगी और उसी दिन रात 23:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन कुल 655 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और इसमें यात्रियों की सुविधा हेतु आधुनिक एलएचबी के कुल 22 कोच लगाए गए हैं।

यह फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन अपने मार्ग में सोनीपत, पानीपत, कुरुक्षेत्र, अम्बाला कैंट, धंधारी कलां, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ, जम्मू तवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशनों पर रुकेगी।

इसी क्रम में विशेष ट्रेन संख्या 04081/04082 का भी वर्तमान में संचालन किया जा रहा हैं जो कि दिनांक 26 अक्टूबर तक संचालित रहेगी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जम्मू उचित सिंघल ने बताया कि त्योहारी सीजन में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि होती है। इसी को देखते हुए यह विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं ताकि यात्रियों को कंफर्म सीट के साथ सुगम और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना समय रहते बना लें और टिकटों की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट या रेलवे आरक्षण काउंटरों से करा लें।

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story