जम्मू-कश्मीर पुलिस ने चंडीगढ़ में लगभग 93 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 09 मई (हि.स.)। नशीपदार्थों की तस्करी के एक मामले की जांच के दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस ने चंडीगढ़ में लगभग 93 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर ली है। यह मामला शुरू में थोड़ी मात्रा में हेरोइन बरामदगी से शुरू हुआ था।

अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इस मामले की शुरुआत इस साल 14 जनवरी को हुई थी जब बाग-ए-बाहु पुलिस की एक टीम ने जम्मू के नरवाल स्थित राजीव नगर निवासी अरुण सिंह को गिरफ्तार किया और उसके पास से हेरोइन बरामद की। बरामदगी के बाद बाग-ए-बाहु पुलिस स्टेशन में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के बाद जांचकर्ता चंडीगढ़ पहुंचे जहां सह-आरोपी ऋषि सिंह जो अरुण का भाई है के बारे में पता चला कि उसने अवैध नशीले पदार्थों के व्यापार से प्राप्त धन का उपयोग करके एक आवासीय संपत्ति खरीदी थी।

उन्होंने बताया कि वित्तीय जांच के निष्कर्षों के आधार पर दक्षिण जोन की एक पुलिस टीम ने शुक्रवार को चंडीगढ़ के सेक्टर 38-ए में स्थित अचल संपत्ति को जब्त कर लिया। पुलिस ने कहा कि यह कुर्की एनडीपीएस अधिनियम के उन प्रासंगिक प्रावधानों के तहत की गई है जो नशीले पदार्थों की तस्करी से प्राप्त अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान और कुर्की से संबंधित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story