पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ते ही आम जनता की जेब पर सीधा असर

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू, 15 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर में पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ते ही आम जनता की जेब पर सीधा असर पड़ना शुरू हो गया है। सबसे बड़ी चिंता अब उन किसानों की है जो दिन-रात मेहनत कर खेती-बाड़ी के सहारे अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं।

डीजल महंगा होने से ट्रैक्टर चलाना, खेतों की जुताई, सिंचाई और फसलों की ढुलाई का खर्च कई गुना बढ़ जाएगा। पहले से ही मौसम की मार झेल रहे किसान अब बढ़ती महंगाई की दोहरी चोट सहने को मजबूर हैं।

किसानों का कहना है कि अगर इसी तरह तेल के दाम बढ़ते रहे तो खेती करना मुश्किल हो जाएगा और इसका असर सीधे अनाज, सब्जियों और रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर भी दिखाई देगा।

अब लोगों की नजर सरकार पर टिकी है कि आखिर आम जनता और किसानों को राहत देने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।

वहीं आम जनता भी इससे चिंतित है। गाड़ियों के किराए से लेकर खान पान की वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ेंगी जिसका सीधा असर लोगों की जेब पर पड़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story