महबूबा मुफ्ती ने प्रधानमंत्री से ईरान में फंसे जम्मू-कश्मीर के छात्रों को वापस लाने का आग्रह किया

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 07 मार्च (हि.स.)। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को नरेन्द्र मोदी से ईरान में फंसे जम्मू-कश्मीर के छात्रों की सुरक्षित वतन वापसी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा कि ईरान में स्थिति तेजी से बिगड़ रही है, जिसके कारण केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के हजारों छात्र वहां फंसे हुए हैं।

मुफ्ती ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी से छात्रों की सुरक्षित घर वापसी के लिए व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने का आग्रह करती हूं।” उन्होंने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से भी जल्द से जल्द निकासी अभियान शुरू करने की अपील की, ताकि छात्रों को सुरक्षित भारत लाया जा सके।

उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए केंद्र सरकार को प्राथमिकता के आधार पर कदम उठाने चाहिए, जिससे ईरान में पढ़ाई कर रहे जम्मू-कश्मीर के छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story