चट्टाबल के भाग्यस इलाके में भीषण आग से 8-10 घर जलकर खाक

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 05 फ़रवरी (हि.स.)। चट्टाबल के भाग्यस इलाके में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई, जिससे रिहायशी इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा।

आपातकालीन सेवा एवं आपातकालीन सेवा के अधिकारियों के अनुसा राज्य अग्निशमन नियंत्रण कक्ष बटमालू को सुबह लगभग 6:31 बजे आपातकालीन सूचना मिली। इसके बाद इलाके की घनी आबादी को देखते हुए अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा मुख्यालय सैयद हमीद पोरा, महाराजगंज और बाबडेंब से अतिरिक्त फायर टेंडर तुरंत सेवा में लगाए गए। मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने पाया कि तीन से चार रिहायशी घर पहले ही आग की चपेट में आ चुके थे। दो से तीन एलपीजी सिलेंडर फटने से स्थिति और बिगड़ गई, जिससे आग तेजी से आसपास की इमारतों में फैल गई।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में कुल आठ से दस आवासीय मकान जलकर खाक हो गए। दमकल कर्मियों ने बाद में आग पर काबू पा लिया जबकि आग को दोबारा भड़कने से रोकने के लिए शीतलन अभियान जारी रहा। यह अभियान सफाकदल फायर स्टेशन के प्रभारी आदिल जरगर के नेतृत्व में संबंधित संभागीय अग्निशमन अधिकारियों के समन्वय से चलाया गया।

इस बीच एडीजीपी अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा आलोक कुमार (आईपीएस) ने जनता से विशेष रूप से रात के समय सावधानी बरतने की अपील की है और ऐसी घटनाओं से बचने के लिए बिजली के उपकरणों को लावारिस न छोड़ने की सलाह दी है। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story