जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने प्रधानमंत्री के ईंधन पर उत्पाद शुल्क में कटौती के फैसले की सराहना की
जम्मू, 27 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम एशिया संकट के कारण घरों में आपूर्ति बाधित होने से बचाने के फैसले की सराहना की।
उपराज्यपाल ने एक पोस्ट में कहा कि नागरिकों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए मोदी ने पश्चिम एशिया संकट के कारण घरों में आपूर्ति बाधित होने से बचाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। ये उपाय आम भारतीयों के जीवन स्तर की रक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल दोनों पर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई है जिससे उपभोक्ताओं को बढ़ती कीमतों से राहत मिलेगी।
उपराज्यपाल ने कहा कि घरेलू आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए डीजल पर 21.5 रुपये प्रति लीटर और विमानन टरबाइन ईंधन पर 29.5 रुपये प्रति लीटर का निर्यात शुल्क रणनीतिक रूप से लगाया गया है। इस दूरदर्शी कदम के लिए मैं मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं जिससे सामर्थ्य सुनिश्चित होती है, मूल्य वृद्धि पर अंकुश लगता है और भारत के हितों को सर्वोपरि रखा जाता है। सिन्हा ने कहा कि वैश्विक बाजारों में उथल-पुथल के बावजूद भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

