नशीले पदार्थ न केवल युवाओं का जीवन बर्बाद कर रहे हैं बल्कि आतंकवाद को वित्त पोषित कर रहे:उपराज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now

पुलवामा 9 मई (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि नशीले पदार्थ न केवल युवाओं का जीवन बर्बाद कर रहे हैं और परिवारों को तोड़ रहे हैं बल्कि आतंकवाद को वित्त पोषित करने के लिए भी इनका इस्तेमाल किया जा रहा है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे नशीले पदार्थों के नेटवर्क को सामूहिक रूप से खत्म करना होगा। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत पुलवामा में पदयात्रा का नेतृत्व करने के बाद बोलते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि प्रशासन जम्मू और कश्मीर से नशीले पदार्थों की तस्करी के खतरे को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “नशीले पदार्थ न केवल युवाओं का जीवन बर्बाद कर रहे हैं और परिवारों को तोड़ रहे हैं बल्कि आतंकवाद को वित्त पोषित करने के लिए भी इनका इस्तेमाल किया जा रहा है। हमें इस पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए एकजुट होना होगा। मैं लोगों को आश्वस्त करता हूं कि नशीले पदार्थों के तस्करों और स्मगलरों का सफाया कर दिया जाएगा।”

उपराज्यपाल ने लोगों विशेषकर युवाओं से नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने और जम्मू और कश्मीर को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के प्रयासों का समर्थन करने का आग्रह किया। पदयात्रा में अधिकारियों, छात्रों, नागरिक समाज के सदस्यों और स्थानीय निवासियों ने भाग लिया जिन्होंने नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और तस्करी के खिलाफ लड़ाई में समर्थन देने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story