(अपडेट) किश्तवाड़ में भारी बर्फबारी के बीच भूस्खलन में एक व्यक्ति की मौत, 235 को बचाया गया
जम्मू, 16 मार्च (हि.स.)। किश्तवाड़ जिले में उच्च ऊंचाई वाले सिंथन टॉप पर भारी बर्फबारी में फंसने के बाद महिलाओं और बच्चों सहित 235 से अधिक लोगों को निकाला गया हैl जलविद्युत परियोजना के पास भूस्खलन में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गयाl किश्तवाड़ और निकटवर्ती डोडा जिले में नगर निगम सीमा के बाहर के सभी शैक्षणिक संस्थानों को सोमवार के लिए बंद करने का आदेश दिया है।
किश्तवाड़ जिले के डांगडुरु के पास रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि को एक जलविद्युत परियोजना स्थल पर बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिसमें दो कर्मचारी फंस गए। बाद में एक कर्मचारी मृत पाया गया, जबकि दूसरे को घायल हालत में बचाकर अस्पताल ले जाया गया। एक अन्य घटना में पुलिस, सेना और नागरिक प्रशासन के एक संयुक्त बचाव अभियान ने जम्मू क्षेत्र के किश्तवाड़ को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले से जोड़ने वाले सिंथन टॉप पर भारी बर्फबारी के बीच 235 यात्रियों को ले जा रहे 38 वाहनों को सफलतापूर्वक सुरक्षित निकाला।
लगातार बर्फबारी के बावजूद तेजी से बचाव अभियान शुरू करने के लिए व्हाइट नाइट कोर के सैनिकों को तुरंत तैनात किया गया। खराब मौसम और बर्फ से अवरुद्ध सड़कों का सामना करते हुए बचाव दल सिंथन टॉप पर पहुंचे और फंसे हुए नागरिकों को गर्म भोजन, पीने का पानी और आश्रय प्रदान किया। मेडिकल टीमों ने जरूरतमंद लोगों को सहायता और आवश्यक दवाएं प्रदान कीं। इस मिशन में सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग और बुनियादी ढांचा विकास निगम के बीच सहज समन्वय देखा गया।
किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने एसएसपी नरेश सिंह और 11 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर के साथ बचाव अभियान की निगरानी की, जो कई घंटों तक जारी रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

