मीरा साहिब में जम्मू-कश्मीर किसान तहरीक का केंद्र की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 10 अगस्त (हि.स.)।

केंद्र सरकार की नीतियों और बजट में कथित कटौती के विरोध में जम्मू-कश्मीर किसान तहरीक की ओर से मीरा साहिब में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता संगठन के राज्य प्रधान कॉमरेड किशोर कुमार ने की। इस दौरान किसान सभा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में किसान और मजदूर भी शामिल हुए।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए किशोर कुमार ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों और बजट में की जा रही कटौतियों का सबसे अधिक प्रभाव किसानों, मजदूरों और गरीब वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बढ़ती बेरोजगारी के बीच आम लोगों की आर्थिक परेशानियां बढ़ रही हैं जबकि कृषि क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों के समाधान की दिशा में अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि किसान और मजदूर देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं लेकिन उनकी समस्याओं को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं मिल रही। प्रदर्शनकारियों ने कृषि क्षेत्र को मजबूत करने, किसानों की आय और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर ठोस कदम उठाने तथा मजदूरों के हितों की रक्षा करने की मांग की।

वक्ताओं ने सरकार से जनकल्याणकारी योजनाओं में कटौती रोकने, किसानों और मजदूरों के लिए प्रभावी राहत सुनिश्चित करने तथा महंगाई और बेरोजगारी पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आम जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया जाता रहेगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story