गुरेज घाटी और तुलैल घाटी का संपर्क एक बार फिर देश के बाकी हिस्सों से कटा

WhatsApp Channel Join Now

बांदीपोरा, 19 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले के ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे बन गए हैं कि प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुरेज घाटी और तुलैल घाटी का संपर्क एक बार फिर देश के बाकी हिस्सों से कट गया है।

अधिकारियों के अनुसार लगातार बर्फबारी के चलते 85 किलोमीटर लंबी बांदीपोरा-गुरेज सड़क और गुरेज-तुलैल मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया गया है। सड़कों पर जमी मोटी बर्फ, फिसलन और हिमस्खलन के खतरे को देखते हुए वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।

गुरुवार को भी इलाके में तेज बर्फबारी जारी रही, जिससे सड़कें पूरी तरह बर्फ से ढक गईं और दृश्यता काफी कम हो गई। ऐसे में पहाड़ी रास्तों पर सफर करना खतरनाक हो गया है। प्रशासन का कहना है कि सड़कों के बंद होने से सीमावर्ती इलाकों में जरूरी सामान की सप्लाई और लोगों की आवाजाही पर असर पड़ा है, क्योंकि ये क्षेत्र पूरी तरह सड़क संपर्क पर निर्भर हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि खराब मौसम के कारण फिलहाल रास्तों को खोलना संभव नहीं है। वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह से लगातार बर्फबारी हो रही है और पूरी घाटी बर्फ की मोटी चादर से ढक गई है जिससे रोजमर्रा के काम भी प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं। मौसम साफ होने के बाद ही बर्फ हटाने का काम शुरू किया जाएगा। फिलहाल यातायात बहाल होने में समय लग सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA

Share this story