अमरनाथ यात्रा संबंधी जानकारी देने के लिए चार वरिष्ठ अधिकारी अधिकृत

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू ,30 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सरकार ने अमरनाथ यात्रा से संबंधित मामलों पर मीडिया से बातचीत करने और प्रेस ब्रीफिंग करने के लिए केवल चार वरिष्ठ अधिकारियों को अधिकृत किया है। यह कदम प्रामाणिक और सत्यापित जानकारी के प्रसार को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

पर्यटन विभाग ने मंगलवार को एक परिपत्र में बताया कि कश्मीर के संभागीय आयुक्त और कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) को कश्मीर मंडल के लिए अधिकृत प्रवक्ता नामित किया गया है। इसी प्रकार जम्मू के संभागीय आयुक्त और आईजीपी जम्मू को जम्मू मंडल से संबंधित मामलों पर मीडिया को जानकारी देने के लिए अधिकृत किया गया है।

परिपत्र में कहा गया है कि नामित अधिकारी वार्षिक तीर्थयात्रा के सभी पहलुओं पर प्रेस ब्रीफिंग आयोजित करेंगे और सूचना विभाग और अमरनाथ श्राइन बोर्ड के साथ मिलकर सटीक और समय पर जानकारी का प्रसार सुनिश्चित करेंगे। यह आदेश पर्यटन विभाग ने वित्त आयुक्त (अतिरिक्त मुख्य सचिव) डॉ. आशीष चंद्र वर्मा की स्वीकृति से जारी किया है और अनुपालन के लिए सभी प्रशासनिक विभागों और वरिष्ठ अधिकारियों को प्रेषित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story