विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाया है -फारूक अब्दुला

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर 2 मई (हि.स.)। नैशनल कांफ्रैंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुला ने जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल कराने के मामले में ‘उम्मीदों के मुताबिक जोरदार समर्थन’ न मिलने पर ‘इंडिया’ गठबंधन और विशेषकर कांग्रेस के प्रति गहरी निराशा जताई है। उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की उनकी पार्टी प्रतिबद्ध सदस्य बनी हुई है, लेकिन यह अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाया है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से जुड़े मुद्दों पर मजबूत और एकजुट रणनीति के अभाव को गठबंधन में विवाद का मुख्य कारण भी बताया।

अब्दुल्ला ने कहा, “देखिए, इस राष्ट्रीय गठबंधन से हमारी यही सबसे बड़ी नाराजगी रही है। हमें उम्मीद थी कि वे हमारे मुद्दे के लिए कहीं ज्यादा जोरदार तरीके से लड़ेंगे। ऐसा नहीं हुआ। यह वास्तव में बहुत दुखद है कि प्रमुख पार्टी कांग्रेस ने वह भूमिका नहीं निभाई जिसकी हम उससे अपेक्षा करते हैं।”

अब्दुल्ला ने गठबंधन से अपील की कि वह केवल चुनावी समझौते तक सीमित न रहे बल्कि नजरअंदाज किए जा रहे देश के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए अधिक बैठकें करे। उन्होंने कहा, “यह बिल्कुल स्पष्ट है कि हम भारतीय जनता पार्टी के साथ नहीं हैं और कभी नहीं होंगे। हम इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं। मुझे उम्मीद है कि चुनाव के बाद यह गठबंधन फिर से एकजुट होगा और न केवल राष्ट्रीय मुद्दों, बल्कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देने के मुद्दे को भी कहीं ज्यादा मजबूती से उठाएगा।”

उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की नियमित बैठकें होना बहुत जरूरीजीजी है। उन्होंने कहा, “यह गठबंधन सिर्फ चुनावों के लिए नहीं है। यह देश के भविष्य के लिए है। इस बात को कई बार नजरअंदाज किया जा चुका है। यह कहते हुए मुझे बहुत दुख हो रहा है।” अब्दुल्ला ने उम्मीद जताई कि विभिन्न राज्यों में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने पर फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार संसद के साथ-साथ उच्चतम न्यायालय में भी जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के प्रति प्रतिबद्ध हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story