पाकिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने की जरूरत : डीजीपी

WhatsApp Channel Join Now
पाकिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने की जरूरत : डीजीपी


श्रीनगर, 24 फरवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ लगातार और अथक अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा में एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक के दौरान ये बातें कहीं।

डीजीपी के साथ विशेष महानिदेशक (समन्वय) सैयद जावेद मुजतबा गिलानी और कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) वीके बर्डी भी मौजूद थे। वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें जिले की मौजूदा सुरक्षा स्थिति, आतंकवाद विरोधी रणनीतियों और शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के लिए उठाए जा रहे उपायों की जानकारी दी।

समीक्षा बैठक के दौरान डीजीपी ने सटीक और कार्रवाई योग्य खुफिया जानकारी जुटाने और पाकिस्तानी आतंकवादियों को निष्क्रिय करने तथा उनके समर्थक नेटवर्क को नष्ट करने के लिए निरंतर और अथक अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने क्षेत्र में शांति भंग करने के किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए समन्वित प्रयासों, सामुदायिक भागीदारी और सक्रिय पुलिसिंग के महत्व पर भी बल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story