डी डी एन केवल पहचान, रिकॉर्ड रखने और सार्वजनिक सेवाओं की बेहतर डिलीवरी के लिए एक प्रशासनिक कदम।: नगर निगम

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 06 मार्च (हि.स.)। जम्मू में डिजिटल डोर नंबर (डी डी एन) प्लेट्स को लेकर लोगों में चल रही गलतफहमी को दूर करने के लिए जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड और जम्मू नगर निगम ने एक सार्वजनिक सूचना जारी की है।

जारी नोटिस के अनुसार डिजिटल डोर नंबर प्लेट्स केवल संपत्तियों की पहचान करने और ई-गवर्नेंस सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लगाई जा रही हैं। इससे प्रशासन को रिकॉर्ड रखने और नागरिक सेवाएं पहुंचाने में आसानी होगी।

प्रशासन ने साफ किया है कि डिजिटल डोर नंबर प्लेट्स लगाने का मतलब यह नहीं है कि किसी व्यक्ति को उस संपत्ति या जमीन का मालिकाना हक मिल गया है। यह प्लेट किसी भी तरह से स्वामित्व, अधिकार, कब्जे या किसी कानूनी दावे का प्रमाण नहीं मानी जाएगी।

इसके अलावा यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन प्लेट्स का मौजूदा नगरपालिका रिकॉर्ड, भूमि अभिलेख या राजस्व रिकॉर्ड पर कोई असर नहीं पड़ेगा। अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल डोर नंबर प्रणाली केवल पहचान, रिकॉर्ड रखने और सार्वजनिक सेवाओं की बेहतर डिलीवरी के लिए एक प्रशासनिक कदम है।

प्रशासन ने सभी निवासियों, संपत्ति मालिकों और अन्य संबंधित लोगों से अपील की है कि वे इस स्पष्टीकरण को ध्यान में रखें ताकि किसी प्रकार की गलतफहमी न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA

Share this story