जम्मू में डेली वेजर्स संघर्ष समिति ने सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
जम्मू,, 26 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू में आज जम्मू एंड कश्मीर डेली वेजर्स संघर्ष समिति की ओर से अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन की अगुवाई संघर्ष समिति के सन्नी चिब ने की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कोई ठोस फैसला नहीं लिया गया तो आने वाली 2 नवंबर को बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा और विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान डेली वेजर्स ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं लेकिन अब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार को उनकी परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए जल्द उचित कदम उठाने चाहिए।
इस मौके पर प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे सन्नी चिब ने सरकार से डेली वेजर्स की लंबित मांगों पर तत्काल ध्यान देने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो संघर्ष समिति अपना आंदोलन और तेज करेगी।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि डेली वेजर्स लंबे समय से अपने अधिकारों और बेहतर भविष्य की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि कर्मचारियों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि उन्हें बार-बार सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर न होना पड़े।
संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि 2 नवंबर को बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और विधानसभा का घेराव करने की भी योजना है। संगठन ने सरकार से अपील की कि इससे पहले उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
फिलहाल संघर्ष समिति की चेतावनी के बाद अब देखना होगा कि सरकार डेली वेजर्स की मांगों पर क्या कदम उठाती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

