मुख्यमंत्री के सलाहकानर ने आज जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अंतर्गत चल रहे प्रमुख अवसंरचना एवं विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा
जम्मू, 19 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी ने आज जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अंतर्गत चल रहे प्रमुख अवसंरचना एवं विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा की और आगामी अमरनाथ यात्रा से पहले सभी प्रमुख परियोजनाओं को समय पर पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस दौरे के दौरान सलाहकार के साथ परियोजना निदेशक डॉ. देवांश यादव, सुनील थुसू और जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
सलाहकार ने सबसे पहले फेम-II पहल के अंतर्गत विकसित किए जा रहे टाटा ई-बस डिपो का दौरा किया और पीएम ई-बस सेवा परियोजना से संबंधित चल रहे कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि जम्मू शहर में पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगभग 16 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से आधुनिक इलेक्ट्रिक बस अवसंरचना विकसित की जा रही है। शहरी परिवहन अवसंरचना के आधुनिकीकरण में जम्मू स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रयासों की सराहना करते हुए नासिर असलम ने अब तक की प्रगति की प्रशंसा की और अधिकारियों को पीएम ई-बस सेवा परियोजना के शीघ्र पूरा होने और उद्घाटन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी पहल जम्मू को एक स्वच्छ, हरित और अधिक व्यवस्थित शहरी केंद्र में बदल रही है और सभी विकास परियोजनाओं को मिशन मोड में तेजी से पूरा किया जाना चाहिए। बाद में सलाहकार ने आगामी 'वेस्ट टू वंडर पार्क' परियोजना का दौरा किया और पुनर्चक्रित अपशिष्ट सामग्री से निर्मित कलात्मक स्मारकों को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने परियोजना में लगे कारीगरों और श्रमिकों से भी बातचीत की और उनकी रचनात्मकता और समर्पण की सराहना की। इस पहल को जम्मू शहर के लिए एक अनूठी और अभिनव उपलब्धि बताते हुए सलाहकार ने पर्यटन, पर्यावरण जागरूकता और जन मनोरंजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसी सराहनीय परियोजना शुरू करने के लिए जम्मू स्मार्ट सिटी टीम को बधाई दी। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि 'वेस्ट टू वंडर पार्क' को लगभग 11 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित किया जा रहा है और इसके जून 2026 के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। हालांकि सलाहकार ने संबंधित अधिकारियों को अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले परियोजना को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास करने का निर्देश दिया ताकि जम्मू आने वाले तीर्थयात्री और पर्यटक भी इस आकर्षण का अनुभव कर सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

