जम्मू-कश्मीर के अखनूर इलाके में सड़क हादसा, 2 लोगों की मौत और कई घायल
जम्मू, 17 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के अखनूर इलाके में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार खौड़ से अखनूर जा रही एक तेज रफ्तार बस कोट गढ़ी क्षेत्र के पास एक स्कॉर्पियो से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। उस समय बस में करीब 32 यात्री सवार थे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को उप-जिला अस्पताल अखनूर पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान 2 लोगों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान जौरियां में ज्वेलर्स की दुकान पर काम करने वाले विजय कुमार और पहरीवाला, खौड़ निवासी रजनी पत्नी जोगिंदर लाल के रूप में हुई है। कुछ घायलों को हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

