आर.एस. पुरा निवासी बीएसएफ जवान की हिरासत में संदिग्ध मौत के विरोध में जोरदार प्रदर्शन
जम्मू, 22 मार्च (हि.स.)। जम्मू एनसीबी द्वारा आर.एस. पुरा के दीवानगढ़ निवासी बीएसएफ जवान जसबिंदर सिंह को हिरासत में लेने के बाद हुई संदिग्ध मौत के विरोध में रविवार को क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। मृतक जवान के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने चौक पर एकत्र होकर सड़क जाम कर दी और दुकानों का सामान सड़क पर रखकर अपना रोष प्रकट किया।
प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए इंसाफ की मांग की। उनका आरोप था कि जसबिंदर सिंह को झूठे मामले में फंसाया गया और हिरासत के दौरान उसकी मौत हुई जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और सामाजिक व धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समर्थन दिया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

