बारामूला मैें बी.के. ट्रेडर्स ग्रुप के गोदाम में लगी भीषण आग, हार्डवेयर और सैनिटरी सामान पूरी तरह जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now

बारामूला, 19 मई (हि.स.)। बारामूला के कनली बाग इलाके में स्थित बी.के. ट्रेडर्स ग्रुप के गोदाम मे देर रात भीषण आग लग गई। इस दौरान हार्डवेयर और सैनिटरी सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि आग लगने से करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। गोदाम मालिक के अनुसार इस हादसे में लगभग 5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है और गोदाम में रखा 100 प्रतिशत सामान तबाह हो गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार जैसी ही आग लगने की सूचना मिली तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों, जम्मू-कश्मीर पुलिस तथा भारतीय सेना ने मिलकर राहत और बचाव कार्य चलाया जिसकी बदौलत आसपास की रिहायशी बस्ती को बचा लिया गया। हालांकि गोदाम पूरी तरह जल गया लेकिन समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।

बता दें कि बी.के. ट्रेडर्स ग्रुप में करीब 30 से 40 लोग काम करते थे जिनका रोज़गार इसी फर्म से चलता था। घटना के बाद कई मजदूर भावुक नजर आए। कुछ कर्मचारियों ने कहा कि उनका रोज़गार इसी गोदाम से चलता था। यह सिर्फ बी.के. ट्रेडर्स का गोदाम नहीं जला बल्कि उनके घर जल गए हैं।

फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story