मिशन युवा के एक वर्ष पूरे होने पर जेएंडके बैंक का मेगा ऋण वितरण अभियान, 2,828 लाभार्थियों को मिली वित्तीय सहायता

WhatsApp Channel Join Now
मिशन युवा के एक वर्ष पूरे होने पर जेएंडके बैंक का मेगा ऋण वितरण अभियान, 2,828 लाभार्थियों को मिली वित्तीय सहायता


मिशन युवा के एक वर्ष पूरे होने पर जेएंडके बैंक का मेगा ऋण वितरण अभियान, 2,828 लाभार्थियों को मिली वित्तीय सहायता


जम्मू, 02 जुलाई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सरकार की प्रमुख पहल मिशन युवा के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर जेएंडके बैंक ने केंद्र शासित प्रदेश भर में 'मिशन युवा – मेगा डिस्बर्सल डे' का आयोजन करते हुए विशेष ऋण वितरण अभियान चलाया। इस अभियान के तहत बैंक की विभिन्न शाखाओं ने पात्र लाभार्थियों को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए। अभियान का समापन बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताव चटर्जी ने बैंक के कॉरपोरेट मुख्यालय से आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक बटन दबाकर किया।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक आशुतोष सरीन, महाप्रबंधक (आरएएम) राकेश मगोत्रा, उप महाप्रबंधक तनवीर हुसैन और अर्जुन सिंह राठौड़ सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जम्मू और कश्मीर के विभिन्न जोनल एवं क्लस्टर प्रमुख भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

बैंक के अनुसार मिशन युवा के तहत अब तक 28,400 से अधिक मामलों में 1,300 करोड़ रुपये से अधिक के ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं। वहीं मेगा डिस्बर्सल डे के दौरान 2,828 लाभार्थियों को ऋण राशि जारी की गई। अमितावा चटर्जी ने मिशन युवा के पहले वर्ष की उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त करते हुए बैंक के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बैंक ने जम्मू-कश्मीर सरकार के साथ मिलकर उद्यमिता और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि अब कार्यक्रम की सफलता का आकलन केवल ऋण वितरण की संख्या से नहीं बल्कि इन ऋणों के माध्यम से स्थापित होने वाले सफल और टिकाऊ उद्यमों, रोजगार सृजन तथा आजीविका के अवसरों से किया जाएगा।

उन्होंने चालू वित्त वर्ष के अंत तक मिशन युवा के तहत कुल 50,000 ऋण वितरण का लक्ष्य हासिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में प्राप्त अनुभव और संस्थागत क्षमता के आधार पर यह लक्ष्य पूरी तरह हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को पहले से वितरित ऋणों के उपयोग की नियमित निगरानी करने और उद्यमियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने के निर्देश भी दिए।

इससे पहले महाप्रबंधक (आरएएम) राकेश मगोत्रा ने मिशन युवा के तहत बैंक की प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि ऋण वितरण के बाद भी लाभार्थियों के साथ निरंतर संपर्क, उनकी सहायता और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करना कार्यक्रम की दीर्घकालिक सफलता के लिए अत्यंत आवश्यक है।

इस बीच मिशन युवा के मिशन निदेशक हरविंदर सिंह (आईएएस) ने भी बैंक के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि जेएंडके बैंक मिशन युवा का प्रमुख क्रियान्वयन साझेदार बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि बैंक की सक्रिय कार्यशैली, समयबद्ध ऋण वितरण और उद्यमियों को निरंतर सहयोग देने की पहल ने जम्मू-कश्मीर में उद्यमिता आधारित रोजगार सृजन के सरकारी लक्ष्य को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। बैंक ने कहा कि मिशन युवा जम्मू-कश्मीर में युवाओं को संस्थागत वित्त उपलब्ध कराकर उद्यमिता को बढ़ावा देने वाला एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम बन चुका है और जेएंडके बैंक भविष्य में भी इस पहल के माध्यम से रोजगार, स्वरोजगार और समावेशी आर्थिक विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story