जेएंडके बैंक का दूसरी तिमाही में शुद्ध मुनाफा 28.8 प्रतिशत बढ़कर 546 करोड़ रुपये पहुंचा
जम्मू,, 22 अक्टूबर (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे घोषित कर दिए हैं। बैंक ने जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही में 546.36 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है। यह पिछली तिमाही के मुकाबले 28.8 प्रतिशत और पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 10.6 प्रतिशत अधिक है।
बैंक की ओर से जारी वित्तीय नतीजों के अनुसार चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में शुद्ध मुनाफा 424.18 करोड़ रुपये था जबकि पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में यह 494.11 करोड़ रुपये दर्ज किया गया था। बैंक के निदेशक मंडल ने 22 अक्टूबर को कॉर्पोरेट मुख्यालय में आयोजित बैठक के दौरान तिमाही और छमाही वित्तीय नतीजों को मंजूरी दी।
बैंक का कुल कारोबार 3.10 लाख करोड़ रुपये पहुंचा
जम्मू-कश्मीर बैंक का कुल कारोबार सालाना आधार पर 19.38 प्रतिशत बढ़कर 3,10,347 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
बैंक के कुल जमा में 16.30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 1,76,796 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वहीं सकल ऋण 23.72 प्रतिशत बढ़कर 1,33,551 करोड़ रुपये हो गया जो पिछले साल इसी अवधि में 1,07,943 करोड़ रुपये था।
बैंक के अनुसार चालू वित्त वर्ष में अब तक दिए गए अतिरिक्त शुद्ध ऋण में 60 प्रतिशत से अधिक योगदान रिटेल, कृषि और एमएसएमई क्षेत्र का रहा है।
खराब कर्ज में कमी, दस वर्षों का बेहतर स्तर
बैंक ने संपत्ति की गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया है। ग्रॉस एनपीए अनुपात घटकर 2.23 प्रतिशत रह गया है जबकि नेट एनपीए घटकर 0.51 प्रतिशत पहुंच गया है।
बैंक के अनुसार ग्रॉस एनपीए में सालाना आधार पर 109 बेसिस पॉइंट की कमी आई है। बैंक का प्रोविजन कवरेज रेशियो भी जून 2026 के 90.53 प्रतिशत से बढ़कर सितंबर 2026 में 91.76 प्रतिशत हो गया है।
बैंक ने इन आंकड़ों को पिछले एक दशक में संपत्ति की गुणवत्ता के लिहाज से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बताया है।
दूसरी तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय पांच प्रतिशत बढ़कर 1,502 करोड़ रुपये पहुंच गई। वहीं, अन्य आय पिछले साल की समान तिमाही के 153.76 करोड़ रुपये से बढ़कर 314.90 करोड़ रुपये हो गई।
बैंक का कॉस्ट-टू-इनकम रेशियो भी पिछले साल के 60.79 प्रतिशत से सुधरकर 56.57 प्रतिशत दर्ज किया गया।
वर्ष 2030 तक 5 लाख करोड़ के कारोबार का लक्ष्य
बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ चटर्जी ने वित्तीय प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि शुद्ध ब्याज आय, अन्य आय और परिचालन लाभ में बढ़ोतरी बैंक की मजबूत होती वित्तीय स्थिति को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि बैंक अपने विजन 2030 के तहत कुल कारोबार को 5 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
चटर्जी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में ग्राहकों के साथ संबंध मजबूत करना, जमा आधार बढ़ाना और देश के अन्य हिस्सों में सावधानीपूर्वक कारोबार का विस्तार करना बैंक की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने कहा कि बैंक आने वाली तिमाहियों में लाभप्रदता बढ़ाने, ऋण वसूली में सुधार और बेहतर ग्राहक सेवाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान केंद्रित करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

